गढ़ भोज दिवस (Garh Bhoj Diwas)
गढ़ भोज दिवस उत्तराखंड की पारंपरिक खान-पान संस्कृति, स्थानीय अनाजों और पहाड़ी व्यंजनों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक वर्ष 7 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी।
इस दिवस की शुरुआत के पीछे वर्ष 2000 में प्रारंभ हुआ गढ़ भोज अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अभियान की शुरुआत पर्यावरणविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने उत्तराखंड के पारंपरिक भोजन को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से की थी। वे हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान ‘जाड़ी’ के प्रणेता भी हैं।
गढ़ भोज दिवस का इतिहास
-
वर्ष 2000: उत्तराखंड में गढ़ भोज अभियान की शुरुआत हुई।
-
वर्ष 2021: अभियान के 20 वर्ष पूरे होने पर इस वर्ष को गढ़ भोज वर्ष के रूप में मनाया गया।
-
7 अक्टूबर 2022: पहली बार गढ़ भोज दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।
मुख्य उद्देश्य
इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य मंडुवा, झंगोरा, गहत, भट्ट और कंडाली जैसे पौष्टिक स्थानीय खाद्य पदार्थों को लोकप्रिय बनाना है। इसके माध्यम से पारंपरिक पहाड़ी भोजन को स्कूलों के मध्याह्न भोजन, सरकारी संस्थानों, होटलों और कैंटीनों में बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय किसानों की आजीविका को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
प्रमुख पारंपरिक व्यंजन
गढ़ भोज दिवस पर उत्तराखंड के कई पारंपरिक व्यंजन विशेष रूप से तैयार किए जाते हैं, जिनमें प्रमुख हैं:
-
मंडुवे की रोटी
-
झंगोरे की खीर
-
गहत का फाणू
-
कंडाली का साग
गढ़ भोज दिवस उत्तराखंड की समृद्ध खाद्य विरासत को संरक्षित करने और स्थानीय कृषि उत्पादों को प्रोत्साहन देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
0 टिप्पणियाँ